इस साल दिनों-दिन गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। अनुमान है कि 2016 अब तक का सबसे गर्म साल रहेगा। ऐसे में राजस्थान के रेत में क्या नजारा होगा उसका अंदाजा इस खबर से लगाया जा सकता है। जैसलमेर में भारत पाकिस्तान सीमा पर बीएसएफ के जवानों ने इस तपती गर्मी का फायदा उठाया। जवानों ने रेत में पापड़ सेंके और चावल भी उबाला। रेत पर पापड़ सेंकते जवानों की तस्वीरे भी मिली हैं। उन्होंने कहा कि एक बर्तन में चावल और पानी डालकर खुले में रख देने से चावन पककर तैयार हो जाता है। 


जवानों का मानना है कि उनके तापमापी यंत्र में यहाँ का तापमान 55 डिग्री तक पहुँच चुका है। जबकि जिले का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस है। जवानों का कहना है कि जब वो रेत पर पेट्रोलिंग के लिए निकलते हैं तो उनके बूट तक पिघलने लगते हैं।

रिकॉर्ड तोड़ तापमान

गुरुवार को राजस्थान के फलौदी में रिकॉर्ड तोड़ 51 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। ये भारत में दर्ज किया गया अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। इससे 60 साल पहले 50.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। देश के सभी इलाकों मे गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। अकेले दिल्ली में 19 दिनों के भीतर गर्मी से 137 लोगों की मौत हो चुकी है।