राजस्थान के कोटा में रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। दूल्हे समेत 9 बारातियों को लेकर जा रही तेज रफ्तार कार चंबल नदी में गिर गई। हादसे में सभी की मौत हो गई। घटना नयापुरा के पास छोटी पुलिया पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और निगम के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाया गया। नदी में डूबे सभी लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं।


चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन जा रही थी बारात : बताया जा रहा है कि बारात चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन के भैरूनाला की हरिजन बस्ती जा रही थी। सभी 9 लोग एक ही कार में सवार थे। निगम गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि हादसा सुबह 5.30 बजे हुआ। किसी राहगीर ने चंबल नदी में कार को पलटते देखा। इसके बाद निगम के गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। सभी शवों को एमबीएस की मोर्चरी में रखवाया गया है।

कार में दूल्हे के दोस्त और कुछ रिश्तेदार थे : मृतकों में दूल्हा अविनाश वाल्मीकि भी शामिल है। परिवार ने बताया कि कार में अविनाश के साथ दोस्त और कुछ रिश्तेदार शामिल थे। इनके साथ बारातियों की एक बस भी जा रही थी, जो आगे निकल गई थी। इस बस में 70 लोग सवार थे। ये लोग बरवाड़ा से 2 बजे रवाना हुए थे। इसके बाद सभी लोग केशोरायपाटन में चाय पीने के लिए रूके। इसके बाद बस आगे निकल गई। जब बस कोटा पार कर चुकी थी, तो उसमें सवार बारातियों को लगा कि कार काफी दूर रह गई। फिर समाज के लोगों ने फोन कर सूचना दी कि कार चंबल में गिर गई।

6 मृतक जयपुर के रहने वाले : इस हादसे में दूल्हे अविनाश, दूल्हे का भाई केशव, कार ड्राइवर इस्लाम की मौत हो गई। बाकी मृतक जयपुर के रहने वाले थे। मरने वालों में जयपुर के टोंक फाटक निवासी कुशाल और शुभम, ट्रांसपोर्ट नगर निवासी राहुल, टोंक फाटक निवासी रोहित, घाटगेट निवासी विकास, मालवीय नगर निवासी मुकेश शामिल हैं।

एक ही दिन थी 3 बहनों की शादी, लेकिन सबसे छोटी बहन के दूल्हे ने जान गंवा दी

इस दर्दनाक हादसे ने शादीवाले दो घर-परिवारों की खुशियां छीन लीं। चौथ का बरवाड़ा के रहने वाले अविनाश की शादी उज्जैन में होनी थी। रविवार को फेरे थे, लेकिन उससे पहले ही इतनी बड़ी अनहोनी हो गई। दुल्हन को अभी हादसे के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। उज्जैन के भैरू नाला इलाके की वाल्मीकि बस्ती में रहने वाले सुभाष के घर में तीन बेटियों की शादी के लिए मंडप सजा था। मंगल गीत गाए जा रहे थे। तीन-तीन बारातों के स्वागत की तैयारियां हो रही थीं कि तभी ये मनहूस खबर आ गई। अविनाश की शादी परिवार की सबसे छोटी बेटी नेहा उर्फ गौरी से तय थी। चाचा संदीप क्लोसिया ने बताया कि अविनाश और उनकी भतीजी जया उर्फ गौरी की 6 महीने पहले सगाई हुई थी। घर में एक ही दिन, एक ही मंडप में एक साथ तीन बहनों की शादी होनी थी। जया सबसे छोटी है और जुड़वां है। बाकी दो बारातें मध्यप्रदेश के टाल और श्योपुर से आ रही थीं। अब इतना बड़ा हादसा होने के बाद खुशियों के घर में मातम पसर गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा।

बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे परिवार के लोग

लड़की के चाचा ने बताया कि परिवार के सभी लोग बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे, लेकिन बारात की जगह हादसे की सूचना पहुंची। लड़की को तो यह बताने की हिम्मत ही नहीं है कि उसका होने वाला दूल्हा अब इस दुनिया में नहीं रहा।

मुख्यमंत्री लोकसभाध्यक्ष सहित कई ने जताया शोक

हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला तथा कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गहलोत ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित नौ लोगों की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कलक्टर से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति देने एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। बिड़ला ने सोशल मीडिया के जरिए हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र कोटा में कार के चंबल नदी में गिर जाने से कई लोगों की मृत्यु हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस आघात को सहन करने का संबल दें। असीम पीड़ा की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. सतीश पूनियां ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चम्बल नदी में कार डूबने के हादसे की खबर अत्यधिक दु:खद है। डा. पूनियां ने मृतकों को  श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी हादसे पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि इसमें दूल्हे सहित नौ लोगों की मृत्यु का समाचार सुनकर उन्हें बहुत दु:ख पहुंचा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शान्ति तथा शोक-संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोङ्क्षवद ङ्क्षसह डोटासरा, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र ङ्क्षसह राठौड़ एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा अन्य कई नेताओं ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।