दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में पिछले दो दिनों से बादल छाए हुए हैं. इसकी वजह से बीच-बीच बहुत हल्की धूप ही निकल पा रही है. वहीं तेज हवा भी चल रही थी. अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज और कल बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से दो दिन बारिश होगी. शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 4 दिनों तक आसमान में बादल दिखेंगे. बीच-बीच में मौसम साफ रहेगा. वहीं एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 2 मार्च को भी बारिश का अनुमान है. इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी. दूसरी तरफ तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है. गुरुवार को तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हुआ है. गुरुवार की सुबह न्यूनतम तापमान के सामान्य से दो अधिक 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड होने के साथ ही पिछले चार सालों में सबसे अधिक गर्म रही. इससे पहले 2018 में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था.
आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 ज्यादा 12.7 और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 ज्यादा 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. हवा में नमी स्तर 37 से 93 प्रतिशत रहा. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और शाम से बारिश हो सकती है. नोएडा में आज अधिकतम तापमान 24.3 और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यहां भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी. वहीं गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. यहां भी बादल दिखेंगे.
दिल्ली में हवा हुई बहुत खराब
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में है. सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार आज दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 314 है. वहीं नोएडा में खराब श्रेणी में एक्यूआई 208 है, जबकि गुरुग्राम में भी एक्यूआई खराब श्रेणी में 214 रिकॉर्ड हुआ है. बारिश के बाद एक्यूआई में सुधार की संभावना है. आपको बता दें कि एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है.