पेट्रोल डीजल के दाम में आज सोमवार को फिर से बढ़ोतरी हुई है। सात दिन में यह बढ़ोतरी छठवीं बार हुई है। इसके चलते मुरादाबाद में पेट्रोल के दाम शतक लगाने के बस एक कदम दूर है। सोमवार को मुरादाबाद में पेट्रोल के दाम 30 पैसे बढ़े हैं। इससे यहां के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 99.78 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। बात डीजल की करें तो इस पर 35 पैसे बढ़ाए गए हैं। जिससे शहर के पेट्रोल पंपों पर अब डीजल 91.41 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।


पेट्रोल डीजल के दाम हर रोज सुबह छह बजे तय होते हैं। सोमवार सुबह छह बजे आए नए रेट में पेट्रोल 30 पैसे और डीजल 35 पैसे महंगा दिखा। आज के दिन पेट्रोल पंपों पर इसी रेट पर पेट्रोल डीजल मिलेगा। आंकड़ों पर नजर डालें तो बीत सात दिन में छह बार पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ चुके हैं। पेट्रोल डीजल के दाम में एक सप्ताह के भीतर चार रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है। जानकारों का मानना है कि तेल कंपनियां अभी रेट में और इजाफा कर सकती हैं। इसकी मुख्य वजह रूस यूक्रेन युद्ध् की वजह से वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत का लगातार बढ़ना है।

क्रूड ऑयल 117 डॉलर प्रति बैरल से नीचे नहीं आ रहा है। इसके चलते भारत में भी तेल के दाम में बढ़ोतरी हो रही है। जानकारों का मानना है कि वैश्विक बाजार को देखते हुए अभी पेट्रोल के दाम में 12 से 18 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि सरकार रेट कम करने के लिए मशक्कत कर रही है लेकिन इस पर सफलता कब मिलती है यह आने वाला समय ही बताएगा। रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर के दाम अभी स्थिर हैं। एलपीजी के नए रेट हर महीने की आखिरी तारीख को आते हैं।