उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के चुनावी नतीजों की घोषणा के बाद घरेलू बाजार में पिछले कई महीने से स्थिर पेट्रोल और डीजल के दामों में तेजी आना तय है। इधर, यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध तथा विधानसभा चुनाव के खत्म होने के बाद अब दामों में बढ़ोतरी के आसार नजर आ रहे हैं। हालांकि अब आम लोगों को पिछले कुछ महीनों से पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी न होने से जो राहत मिली है उस पर ब्रेक लग सकता है। माना जा रहा है कि किसी दिन भी पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि हो सकती है।



सरकारी तेल कंपनियों ने जारी किए रेट...

आपको बता दें कि सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानि शुक्रवार, 11 मार्च के लिए पेट्रोल और डीजल के रेट जारी कर दिए हैं। राजधानी रांची में आज लगातार 127वें दिन भी पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में कोई परिवर्तन नहीं किया है। आज भी इनके दाम स्थिर हैं। जिससे राजधानी के लोगों को आज भी राहत है। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन (आईओसीएल) ने आज भी राजधानी रांची में पेट्रोल 98.52 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.56 रुपये प्रति लीटर मूल्य बरकरार रखा है। हालांकि कई राज्यों में अभी भी पेट्रोल के दाम 100 रुपये से ऊपर चल रहे हैं। इधर, वैश्विक बाजार में क्रूड आयल की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। लेकिन यह अब भी प्रति बैरल 100 डालर से अधिक है। ऐसे में, उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के चुनावी नतीजों की घोषणा के बाद घरेलू बाजार में पिछले कई महीने से स्थिर पेट्रोल और डीजल के दामों में तेजी आना तय है। जानकारों का कहना है कि वैसे तो पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में बढ़ोतरी की सटीक राशि के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। लेकिन वर्तमान में कच्चे तेल के भाव के आधार पर यह 6 से 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ सकता है। हालांकि पेट्रो उत्पादों में यह वृद्धि एकबारगी न होकर धीरे-धीरे होगी।

एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद 4 नवंबर, 2021 से स्थिर हैं मूल्य

आपको याद दिला दें कि 4 नवंबर, 2021 से केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में क्रमश: 05 और 10 रुपये की कटौती के बाद से तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर ही रखी हैं। इसके चलते आज भी आम लोगों को राहत है। वहीं, झारखंड में गरीबी रेखा के नीचे बसर करने वाले लोगों को 26 जनवरी यानि गणतंत्र दिवस से 10 लीटर पेट्रोल पर प्रति लीटर 25 रुपये की सब्सिडी देने की योजना भी लागू हो गई है। 

रांची में पेट्रोल-डीजल का शुक्रवार (11 मार्च) का रेट

  • पेट्रोल : 98.52 रुपये प्रति लीटर 
  • डीजल : 91.56 रुपये प्रति लीटर

कई राज्यों में पेट्रोल के दाम 100 रुपये के ऊपर

कई राज्यों में अभी भी पेट्रोल के दाम 100 रुपये से ऊपर ही चल रहे हैं। बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में पेट्रोल का भाव 100 रुपये के ऊपर चल रहा है। जबकि मुंबई में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक है।