पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों कई दिन से जारी बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, पूरे उत्तर भारत में बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा में बारिश के चलते तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है। सोमवार से आसमान साफ हो जाएगा। हालांकि, कोहरा परेशान कर सकता है। तापमान में तेजी से गिरावट होगी। अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा।

बारिश से बढ़ी ठंड

शनिवार की तरह रविवार को भी सुबह से दोपहर तक दिल्ली में झमाझम बारिश हुई। इससे ठंड भी बढ़ी और तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजौरी में 10 साल बाद बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में पिछले पांच दिन से बारिश और हिमपात के बाद रविवार को मौसम साफ होने से राहत मिली है। राजौरी में 10 साल बाद शनिवार को बर्फबारी हुई। तब रात के समय हिमपात हुआ था, लेकिन इस बार दिन में 10 से 12 बजे के बीच हल्की बर्फ गिरी। वहीं, श्रीनगर से उड़ानें शुरू हो गई हैं।

मुगल रोड बंद

जम्मू-श्रीनगर, लेह-श्रीनगर राजमार्ग और राजौरी को कश्मीर से जोड़ने वाला मुगल रोड बंद है। कटड़ा में माता वैष्णो देवी की यात्रा पुराने मार्ग से जारी है। रविवार को हेलीकाप्टर सेवा चालू हुई, लेकिन बादलों के कारण बीच-बीच में प्रभावित रही। मार्ग में भूस्खलन से बैट्री कार सेवा बंद है।

उत्तराखंड की पहाडि़यां बर्फ से लकदक

उत्तराखंड में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी है। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। भारी बर्फबारी के कारण पर्यटकों को औली में जाने से रोका जा रहा है। उधर, गंगोत्री व यमुनोत्री मार्ग पर बर्फ हटाने का कार्य जारी है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बर्फ की चार फीट मोटी परत जम गई है। दुर्गम क्षेत्रों में अब भी कई गांव का संपर्क कटा हुआ है।