shivhar ek bike me 7 sawari

Bihar News : बिहार से एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर छाया हुआ है। इसमें एक शख्स 4 बच्चों और 2 महिलाओं को बाइक पर बिठाकर ले जा रहा है। और वो भी बिना हेलमेट के। चेकिंग के दौरान जब पुलिस की नजर इस युवक पर पड़ी तो वो दंग रह गए। पुलिस वालों से उसने कहा कि कुछ जरूरी काम था। इसलिए एक साथ घर से निकलना पड़ा। बताया जा रहा है कि पुलिस ने युवक को समझाइश देकर छोड़ दिया। लेकिन जाते-जाते युवक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि क्या करें साहब पेट्रोल इतना महंगा हो गया है। 3-4 चक्कर लगाने से अच्छा तो एक साथ ही जाना है।

बाइक पर बैठे चारों बच्चों की उम्र 5 साल से कम है। पुलिस वालों ने युवक से अपील की। इसके बाद उसने माफी भी मांगी। आसपास उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मामला शिवहर जिले का है। युवक को नवाब हाई स्कूल के पास रविवार को चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा गया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी पहले तो इन लोगों को देखकर हंसने लगे। फिर हाथ जोड़कर विनती करते हुए कहा कि वो स्कॉर्पियो या बोलेरो में जितनी सवारी बैठती है उनको बाइक पर लेकर न चलें, कभी भी हादसा हो सकता है।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया और अब ये सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं और चुटकी ले रहे हैं। कोई कह रहा है ठीक ही किया। कोई इसे यूनिक आइडिया बता रहा है। तो कुछ लोग वीडियो शेयर कर के मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

वीडियो पर लोग ले रहे मजे
इस वीडियो को सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लोग शेयर कर रहे हैं। इतना ही नहीं वीडियो को मनोरंजन के तौर पर ले रहे हैं। इस मामले पर नगर थानाध्यक्ष ने भी सफाई दी है। साथ ही लोगों से इस तरह गाड़ी ना चलाने की अपील की गई है। क्योंकि, इस तरह बाइक चलाने से एक्सीडेंट होने की संभावना बढ़ जाती है। फिलहाल, यह वीडियो चर्चा का विषय बन चुका है और लोग इस पर चटकारे ले रहे हैं। तो इस वायरल वीडियो पर आपकी क्या राय है कमेंट कर जरूर बताएं।