मैनपुरी से एक दिल दहलाने वाली घटना का वीडियो सामने आया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव की कार को कंटेनर ने न केवल टक्कर मारी, बल्कि करीब 200 मीटर तक घसीटता भी चला गया। लेकिन, सपा जिलाध्यक्ष की किस्मत अच्छी थी, जो उन्हें कुछ नहीं हुआ। इस पूरी घटना में भले ही उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उनका बाल भी बांका नहीं हुआ। कंटेनर चालक पर देवेंद्र यादव के कुचलने के प्रयास का आरोप लगा है।



मैनपुरी में रविवार की रात जो हादसा हुआ, उसको देखकर लोग यही कह रहे हैं कि भाग्य ने ही उन्हें बचा लिया। देवेंद्र सिंह यादव को दो बार कुचलने की कोशिश की गई। कंटेनर ने पहले उनकी गाड़ी में टक्कर मारी। इसके बाद दोबारा टक्कर मारते हुए गाड़ी को घसीटता हुआ करीब 200 मीटर तक ले गया। इस बीच सड़क के किनारे खड़े लोग चिल्लाते रहे। कंटेनर को रुकने का इशारा करते रहे। लेकिन, कंटेनर चालक कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था।

कंटेनर की बोनट में फंसे कार को देख कई लोगों को लगा कि इसमें फंसे व्यक्ति की जान भी जा सकती है। करीब 200 मीटर आगे सड़क पर ट्रक खड़ा होने के कारण कंटेनर चालक को गाड़ी रोकनी पड़ी। इसके बाद पीछा कर रहे लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया। पूरी घटना का वीडियो भी लोगों ने बनाया। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया है। उसे हिरासत में लिया गया है। देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि उन पर जानलेवा हमला किया गया है। बाल-बाल बचे हैं। थाने में इस घटना की तहरीर देंगे। वे अभी सपा के जिलाध्यक्ष हैं।