पेट में जलन आम समस्या है, लेकिन ऐसा बार-बार हो तो परेशानी बढ़ सकती है। www.myupchar.com से जुड़ीं ऐम्स की डॉ. वीके राजलक्ष्मी के अनुसार, पेट की जलन को एसिडिटी कहा जाता है। आमतौर पर यह जलन छाती या सीने में होती है। पाचन के दौरान निकलने वाले अम्ल के कारण ऐसा होता है। ज्यादा तला हुआ खाने से एसिडिटी होती है। ऐसा खाना देरी से पचता है और इस कारण पेट में अम्ल बनने लगता है। 



जो लोग अत्यधिक चाय, कॉफी, सिगरेट या शराब पीते हैं, उनमें यह समस्या अधिक रहती है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को एसिडिटी की समस्या हो सकती है। सामान्य अवस्था में इसके घरेलू उपाय किए जा सकते हैं जो बहुत आसान हैं।


एसिडिटी दूर करने के घरेलू उपाय
कोशिश करें कि खाना खाने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा पानी न पीएं। इससे पाचन क्रिया बाधित हो सकती है। खाना खाने के कुछ देर बाद शरीर अपने आप पानी मांगता है और खाना सहज तरीके के पच जाता है। यदि एसिडिटी हो गई है तो ठंडे दूध का सेवन करें। जिन लोगों को दूध या इससे बनी चीजें पचाने में मुश्किल नहीं होती है, उनके लिए यह रामबाण इलाज है। 

केले का सेवन करें। पपीता और सेब में पेट की जलन को दूर भगाने के प्राकृतिक गुण पाए जाते हैं। सौंफ भी एसिडिटी में राहत देती है। सौंफ को चबाया जा सकता है या इसकी चाय बनाकर पी जा सकती है। विटामिन-सी से भरपूर आंवला पेट संबंधी कई बीमारियों का इलाज करता है और एसिडिटी भी इनमें शामिल है। आंवले का मुरब्बा भी खाया जा सकता है। इसी तरह एसिडिटी दूर करनी है तो अदरक चबाएं। गुलकंद भी फायदेमंद है।