राजधानी की प्रमुख सड़कों पर सोमवार सुबह से ट्रैफिक जाम देखने को मिल सकता है। आज सुबह 10 बजे से दिल्‍ली में किसान महापंचायत होनी है। जंतर मंतर पर बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की संभावना है। किसान महापंचायत का असर नई दिल्ली के ट्रैफिक पर पड़ना तय है। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए स्टाफ की तैनाती और डायवर्जन का प्लान भी तैयार किया है। ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह 10 बजे से जंतर मंतर पर किसान महापंचायत शुरू होगी, जिसमें करीब 4-5 हजार लोगों के इकट्ठा होने की संभावना है।



कई जगहों से किसान गाड़ियों में सवार होकर या पैदल चलकर भी जंतर मंतर पहुंचेंगे। इसके चलते टॉलस्टॉय मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ, विंडसर प्लेस, कनॉट प्लेस, अशोक रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, पंडित पंत मार्ग समेत आस-पास के कई रास्तों पर दिनभर कंजेशन रहने की संभावना है।

  • Delhi Kisan Mahapanchayat Today Live Updates: दिल्‍ली में किसान महापंचायत की लेटेस्‍ट अपडेट्स

7.50 AM: जंतर-मंतर पर आज किसानों के विरोध-प्रदर्शन (किसान महापंचायत) से पहले सिंघू बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर, गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।



'एक्‍स्‍ट्रा टाइम लेकर निकलें, मेट्रो से चलें'
किसानों के मूवमेंट को देखते हुए एहतियात लोकल पुलिस भी कई जगह बैरिकेडिंग कर सकती है, जिसका ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सुबह एक्स्ट्रा टाइम लेकर घर से निकलने और कंजेशन से बचने के लिए निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

दिल्ली बॉर्डर, मेट्रो के पास सुरक्षा कड़ी
दिल्ली पुलिस ने किसान महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस ने कहा कि किसानों के इकट्ठा होने से यातायात की समस्या हो सकती है और अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं। इसने सीमावर्ती इलाकों में बड़ी संख्या में जवानों को तैनात किया है और बैरिकेड्स लगा रखे हैं। विशेष पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था दीपेंद्र पाठक ने कहा कि उन्होंने किसानों से वापस जाने का अनुरोध किया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पता चला है कि संयुक्त किसान मोर्चा और विभिन्न किसान समूहों ने जंतर मंतर पर एक महापंचायत आयोजित करने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने कहा, 'स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, हमने अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए हैं। रेलवे ट्रैक के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों और चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।' मेट्रो को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहां भी पुलिस तैनात रहेगी।