भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी घुटनों के दर्द से परेशान हैं। एमएस धोनी अपने घुटनों का इलाज रांची में एक वैद्य से करवा रहे हैं। वह वैद्य जी एक गांव में पेड़ के नीचे बैठकर मरीजों को देखते हैं। जड़ी-बूटियों से इलाज करने वाले वैद्य बंधन सिंह खरवार ने कहा कि हर रोगी की तरह माही से भी दवा की एक खुराक के लिए 40 रुपए लेते हैं।



वैद्य बंधन सिंह खरवार रांची के लगभग 70 किमी दूर लापुंग थाना क्षेत्र के कातिंगकेला में बीते 28 वर्षों से पेड़ के नीचे टेंट लगाकर कई बीमारियों का इलाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा, पिछले एक महीने से हर 4 दिन के बाद महेंद्र सिंह धोनी आकर दवा लेते हैं। दरअसल खरवार हड्डियों की बीमारी के इलाज के लिए जो दवा तैयार करते हैं। उसे मरीज घर नहीं ले जा सकते है।

माही से पहले उनके माता -पिता ने वैद्य खरवार से इलाज कराया है। उन्हें आराम मिला तो धोनी भी उपचार के लिए पहुंचे। वैद्य बंधन सिंह ने कहा कि वह शुरू में न तो महेंद्र के माता-पिता को पहचानते थे और न पहली बार में पूर्व क्रिकेटर को पहचान पाए। उन्होंने कभी अपने बारे में कुछ नहीं बताया। जब आस-पास के लोगों ने उनके साथ तस्वीर के लिए भीड़ लगाई तब उन्हें इसकी जानकारी मिली।

वैद्य ने कहा कि एमएस धोनी बिना सामान्य मरीज की तरह आते हैं। उनमें कोई गुरुर नहीं है। हालांकि अब एमएस धोनी के यहां पहुंचने की खबर से उनके फैंस की काफी भीड़ जुटने लगी है। अब वह गांव पहुंचकर गाड़ी में बैठते हैं। उन्हें जहां दवा दी जाती है। पिछले एक महीन में गांव के कई लोगों ने धोनी के साथ फोटो खिंचवाई हैं।