मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। यहां हुए सड़क हादसे में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे की इलाज के दौरान जान चली गई। यह पूरी घटना सी लिंक पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इस मामले में वर्ली पुलिस ने अब मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Mumbai-Accident
Mumbai Accident
गौर हो कि मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर एक टैक्सी ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया है। इस वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि टक्कर लगते ही दोनों शख्स हवा में उछलकर दूर जाकर गिरे। इस सड़क हादसे में अमर जरीवाला नामक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल शख्स की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी आते ही वीडियो वायरल हो गया है।


जानकारी के अनुसार अमर जरीवाला पशु-पक्षियों को लेकर बहुत संवेदनशील थे। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि इसे के चलते उनकी जान चली जाएगी। अमर ने सी लिंक पर अपनी कार से जख्मी एक चील को बचाने के लिए गाड़ी रुकवाई थी। वो और उनका ड्राइवर श्याम कामत एक साथ चील को बचाने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान दूसरी लेन से आ रही एक टैक्सी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमर और चालक श्याम हवा में उछल पड़े। इस घटना के तुरंत बाद टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया। बहरहाल पुलिस ने टैक्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।