केरल, कर्नाटक और मुंबई के बाद देश के अन्य राज्यों में भी लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है। लोग भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, यह इंतजार अब कुछ राज्यों में जल्द खत्म होने वाला है। यानी कि देश के तीन बड़े राज्यों में मानसून एक सप्ताह के भीतर दस्तक देने जा रहा है। तो आइए  जानते हैं किन-किन राज्यों में मानसून का आगमन होने वाला है....


उत्तर प्रदेश में कब आएगा मानसून?
उत्तर प्रदेश में 15 जून से पूर्वी यूपी के ऊपर बन रहे कारक सक्रिय हो जाएंगे। इसके बाद राज्य में हल्की-हल्की बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। मानसून की जो गति है, उसके अनुसार उत्तर प्रदेश में 17 से 20 जून के बीच मानसून का प्रवेश हो सकता है। यानी कि एक सप्ताह के भीतर यूपी के लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिलने वाली है।


बिहार में कब आएगा मानसून?
मानसून की गति को देखते हुए बिहार में 11 जून को मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन दिशा परिवर्तन के कारण मानसून अब महाराष्ट्र और कर्नाटक में प्रवेश कर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार और उत्तरप्रदेश में चक्रवाती हवा लगातार सक्रिय है। मौसम विभाग की माने तो बिहार में मानसून 13 जून के बाद दस्तक दे सकता है।

मध्यप्रदेश में 15 जून से मानसून की दस्तक, इन्दौर-भोपाल में झमाझम 
मध्यप्रदेश में मौसम करवट लेने लगा है। गर्मी और भीषण लू का प्रकोप झेल रहे लोगों को गर्मी से निजात मिल गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और भोपाल में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। आज भी तेज हवाओं के साथ  बारिश होने का अनुमान है। मध्यप्रदेश में प्री मानसून की बारिश शुरू हो गई है। 15 जून को मानसून दस्तक दे देगा। 

दिल्ली में 16 जून को बारिश की संभावना
दिल्ली में आज  अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। फिलहाल 3-4 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग की माने तो राष्ट्रीय राजधानी में 16 जून को गरज और बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज आंधी भी चल सकती है।

हीटवेव और बारिश पर आईएमडी ने क्या कहा?
आईएमडी के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव की स्थिति जारी रहने और उसके बाद कम होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी प्रायद्वीपीय तट पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है और अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी वर्षा का मौजूदा दौर जारी रहने की संभावना है।