सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक खाली पडे़ घर में हजारों की संख्या में बिच्छू दिखाई पड़ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि बिच्छू घर की दीवार, जमीन और छत सभी जगह फैले हैं। दावा किया जा रहा है कि इतने सारे बिच्छू तूफान की वजह से अचानक आ गए। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर किया गया है।
हालांकि, यह वीडियो कहां का है और किस जगह पर इतने सारे बिच्छू कैसे अचानक आ गए, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है, मगर यह क्लिप यूजर्स को हैरान करने के लिए काफी है। इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है और अब तक 33 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे अपवोट किया है। कुछ यूजर्स की ओर से दावा यह भी किया जा रहा है कि वीडियो ब्राजील का हो सकता है।
ब्राजील में ज्यादा मिलते हैं ये बिच्छू, बिना संसर्ग पैदा करते हैं बच्चे
इस वीडियो को देखकर यूजर्स इसे किसी बुरे सपने जैसा बता रहे हैं। वीडियो में जो बिच्छू दिख रहे हैं, उनकी पहचान कुछ यूजर्स ने टिट्यूस सेरुलेटस के तौर पर की है। इस प्रजाति के बिच्छू ज्यादातर ब्राजील में मिलते हैं। यूजर्स के अनुसार, इस प्रजाति के बिच्छू पार्थेनोगेनिक होते हैं, यानी बिना संसर्ग के वे बच्चे पैदा कर सकते है और शायद इसी लिए यहां इतनी बड़ी संख्या में बिच्छू दिखाई दे रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि ये अल्ट्रावायलेट लाइट में ज्यादा स्पष्ट दिखाई देते हैं।
बिच्छुओं की 30 से 40 प्रजजाति ज्यादा जहरीली
बहरहाल, न्यूजवीक में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, बिच्छू अर्कनिडा क्लास के होते हैं और मकड़ी, घुन तथा टिक्स के करीबी होते हैं। बिच्छू की अकेली करीब दो हजार प्रजाति होती हैं, लेकिन इनमें 30 से 40 प्रजाति ऐसी होती हैं, जो जहरीली होती हैं और इनमें इंसानों तक को मारने की क्षमता होती है। खासकर बच्चे और बुजुर्गों पर इनके जहर ज्यादा असर करते हैं। हालांकि, सही समय पर इलाज मिल जाए तो जान बचाई जा सकती है।