हरदोई : टड़ियावां क्षेत्र में शुक्रवार की रात गायब हुई किशोरी पिपरी गांव में यूकेलिप्टस के पेड़ से बंधी मिली।किशोरी ने दो महिलाओं पर आरोप लगाया है। पुलिस दोनों महिलाओं और गांव के एक युवक के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की है।


ग्राम अमेठिया के दलगंजन की 14 वर्षीय पुत्री रजनी शुक्रवार की देर शाम घर से निकली थी। परिवारवालों ने बताया कि रजनी की रातभर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह पिपरी गांव के लोग खेत की ओर गन्ने की फसल देखने के लिए गए तो वहां पर यूकेलिप्टस के पेड़ में बंधी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि युवती के पैर बंधे हुए थे। इसके अलावा दोनों हाथ पेड़ में बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। घटना की जानकारी पर कोतवाल राजदेव मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी को लेकर कोतवाली आ गए। कोतवाल ने बताया कि रजनी ने बताया कि वह शौच के लिए गई थी। वहीं पर दो महिलाएं आ गईं और उसे पकड़ कर बेहोश कर दिया, जिसके बाद उसे कुछ पता नहीं चला। आंख खुली तो उसके घरवाले सामने मिले। शुरुआती जांच में पता चला कि किशोरी को गांव के एक युवक ने मोबाइल दिया था। कोतवाल के अनुसार किशोरी का कहना है कि वह महिलाओं को पहचानती नहीं और न ही बांधने का कारण बता पा रही है। उसने जो बताया उसी के आधार पर दोनों महिलाओं और गांव के ही विपिन नामक युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है।