भगवान राम लला का मंदिर निर्माण कार्य प्रगति पर है। 1 जून को भगवान राम लला के गर्भ गृह का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस खास दिन सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे और रामलला के गर्भगृह के मंदिर निर्माण में प्रथम शिला का पूजन करेंगे। इसके लिए पूरा कार्यक्रम तय कर लिया गया है। जिसमें वैदिक ब्राह्मण 1 जून को सुबह 5:00 बजे से राम जन्मभूमि परिसर में पूजन शुरू करेंगे।



पूरे कार्यक्रम की तैयारी तेजी के साथ की जा रही है। मुख्यमंत्री की अगवानी में भगवान राम लला के गर्भगृह के लिए तराशे गए पत्थरों से निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके पहले प्रथम पत्थर का पूजन अर्चन किया जाएगा। जो कि अभिजीत मुहूर्त के शुभ संयोग पर किया जाएगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कामेश्वर चौपाल के अनुसार एक जून को सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक अभिजीत मुहूर्त में मुख्यमंत्री स्वयं राम जन्मभूमि परिसर में मौजूद रहेंगे और वहीं पर रामलला के मंदिर की गर्भ गृह की बुनियाद रखेंगे।

संभावना जताई जा रही है कि मंदिर निर्माण के लिए प्लिंथ निर्माण कार्य 1 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। लेकिन, रामलला के मंदिर निर्माण के लिए बनाए जा रहे गर्भगृह स्थल पर लगभग लगभग 5 लेयर ग्रेनाइट पत्थर की बिछाई जा चुकी है और ये संभावना है कि 1 जून तक 7 लेयर प्लिंथ की बिछा दी जाएगी। प्लिंथ बुनियाद से 21 मीटर ऊंचे रहेगी और इन्हीं पत्थरों के ऊपर रामलला के गर्भ गृह का निर्माण शुरू हो जाएगा।

ये काम भी 1 जून को शुरू कर दिया जाएगा। रामलला के गर्भगृह के आसपास प्लिंथ यानी कि चबूतरे का निर्माण पूरा हो जाएगा शेष 2.77 एकड़ पर प्लिंथ का काम चलता रहेगा, लेकिन जहां पर गर्भगृह है उस जगह निर्माण शुरू हो जाएगा। मिर्जापुर के बलुआ पत्थर और उसके ऊपर ग्रेनाइट पत्थरों की कोटिंग करते हुए बुनियाद से 21 मीटर ऊंचा प्लिंथ बनाया जा रहा है।

इस कार्य में लगभग 17000 पत्थर लगाए जाने हैं, जिसमें अब तक 6500 पत्थर लगाए जा चुके हैं। इस चबूतरे का निर्माण अगस्त महीने तक होने की संभावना है। लेकिन इस दरम्यान तराशे गए पत्थर से मंदिर निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा और प्रथम चरण में गर्भगृह स्थल के आसपास 21 फुट ऊंचा प्लिंथ का निर्माण शुर कर दिया जाएगा। जहां पर भगवान के गर्भगृह का निर्माण शुरू होगा।

सूत्रों की मानें तो सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस रामलला के गर्भगृह के निर्माण के पूर्व होने वाली पूजा में भाग लेंगे। 1 जून को अभिजीत मुहूर्त के शुभ समय पर रामलला के मंदिर निर्माण के लिए गर्भ गृह का निर्माण तरासे गए पत्थरों से शुरू होगा। राम जन्मभूमि के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास की मानें तो ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष और गुरुवार के दिन ये काम शुभ मुहुर्त में होगा।

1 तारीख को बहुत ही उत्तम मुहूर्त है और उस दिन जो भी कार्य किया जाएगा एक तारीख से ऊपर का भाग बनना शुरू हो जाएगा । उन्होंने बताया कि 1 जून के दिन सभी विघ्न बाधाओं से दूर शुभ नक्षत्र है। इस शुभ तिथि को सुबह से लेकर शाम तक किसी भी समय पूजा होगी वो शुभ है। 11:45 का जो समय है वो अभिजीत नक्षत्र है उसमें जो भी काम होता है, वो शुभ होता है 1 तारीख को जितने भी काम होंगे वो शुभ नक्षत्र में होंगे।