झारखंड के सरकारी स्कूल सुबह छह से 12 बजे तक ही खुलेंगे। शिक्षा सचिव राजेश शर्मा के निर्देश पर उन जिलों के उपायुक्तों या जिला शिक्षा अधीक्षकों ने अपने उस आदेश को वापस लेने लगे हैं जिन्होंने स्कूलों का समय बदलकर सुबह छह से साढ़े दस कर दिया था। रांची में भी 02 मई को आदेश जारी कर स्कूलों का समय सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे किया गया था। एक दिन बाद ही रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने इस आदेश को वापस लेते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा 13 अप्रैल को जारी अधिसूचना के आलोक में स्कूलों के संचालन का समय सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक कर दिया।


एक बार फिर बदला स्‍कूलों का समय

  • शिक्षा सचिव के निर्देश पर कई जिलों में स्कूलों के समय बदलने का आदेश वापस
  • उपायुक्तों ने अपने स्तर से गर्मी को देखते हुए बदल दिया था स्कूलों के संचालन का समय
  • रांची में भी सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक स्कूल खोलने का आदेश जारी

इसी तरह, देवघर के जिला शिक्षा अधीक्षक ने मंगलवार को आदेश जारी कर कहा कि विभागीय सचिव द्वारा मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देश के आलोक में 30 अप्रैल को जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। यह भी कहा है कि जिले के सभी कोटि के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रधानाध्यापकों को यह आदेश दिया जाता है कि स्कूल पूर्व की तरह सुबह छह बजे से 12 बजे तक ही संचालित होंगे। बता दें कि गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय बदलने की मांग की जा रही थी। इसी तरह, कुछ अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय बदलने के आदेश को वापस लेने की सूचना है।

शिक्षा मंत्री ने की थी स्कूलों के समय बदलने की घोषणा

शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने भी पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे किया जा रहा है। हालांकि विभाग ने इसे लेकर आदेश जारी नहीं किया। अब मंत्री की घोषणा के बावजूद स्कूलों के संचालन के समय में बदलाव नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि मंत्री ने बाद में स्कूलों को अपने विवेक व आवश्यकता के अनुसार समय में बदलाव करने का सुझाव दिया। बता दें कि रांची, देवघर, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम आदि जिलों में विभाग द्वारा आदेश जारी नहीं होने के बाद उपायुक्त द्वारा ही स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया था।