देश के कई राज्यों खासकर उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। जिससे लोग परेशान हैं। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान लू की चपेट में है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में फिर से लू की स्थिति बन रही है। राजधानी में दिन में मौसम साफ रहेगा। दिल्ली में आज 17 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहेगा।


उत्तरी राजस्थान और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। IMD के मुताबिक, राजस्थान में फिर से गर्मी बढ़ने के आसार हैं। राजस्थान में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सिसय और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में कुछ जगहों पर 17 अप्रैल को लू चलने का अनुमान जताया है। 18 और 19 अप्रैल को भी इन राज्यों के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में आने वाले 4 से 5 दिनों तक मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। जिसकी वजह से लू चलने की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने गुजरात में भी हीटवेव की आशंका जताई है। अहमदाबाद में आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।