कर्नाटक के धारवाड़ जिले के पुराने हुबली पुलिस स्टेशन पर शनिवार (16 अप्रैल, 2022) को भीड़ द्वारा पथराव करने की घटना में 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में एक शख्स की गिरफ्तारी हुई थी। बड़ी संख्या में लोग पुलिस की इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे, जिन्होंने कल रात ओल्ड हुबली पुलिस स्टेशन पर पथराव कर दिया। इसमें एक इंस्पेक्टर समेत 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हमले की निंदा करते हुए, इसे एक संगठित हमला करार दिया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Uploading: 832848 of 832848 bytes uploaded.

हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त लाभू राम ने कहा कि एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाते हुए एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा किया था, जिस पर लोगों ने आपत्ति जताते हुए शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई से लोग संतुष्ट नहीं थे और भारी संख्या में लोग पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए और खूब हंगामा किया।

पुलिस अधिकारी राम ने बताया कि भीड़ की तरफ से किए गए पथराव में एक इंस्पेक्टर सहित बारह पुलिसकर्मी घायल हो गए। कुछ पुलिस वाहनों में भी भीड़ ने तोड़फोड़ की। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठाचार्ज भी किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। अधिकारियों ने कहा कि हिंसा के बाद शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।