उत्तर प्रदेश के कुशीनगर( Kushinagar) में उस समय कोहराम मच गया जब एक परिवार की खुशी मातम में बदल गईं। बुधवार देर रात कुआं पूजन के दौरान कुएं का स्लैब टूट कर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। पूजा कर रहीं महिलाएं कुएं में गिर गईं। हादसे में 13 की मौत हो गई है। मृतकों में एक डेढ़ साल का बच्चा, 10 बच्चियां और दो महिलाएं हैं। घटना के करीब एक घंटे बाद पहुंचे प्रशासन ने देर रात तक रेस्क्यू किया। करीब 25-30 महिलाएं घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया स्कूल टोला के रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के बेटे की हल्दी रस्म का कार्यक्रम था। रात 9.30 बजे के आसपास 50-60 महिलाएं और लड़कियां गांव के बीच में बने पुराने कुएं के पास शादी की रस्म के लिए पहुंची थीं। कुएं पर स्लैब बना था। कुएं पर ढक्कन रखा गया था। पूजा के दौरान महिलाएं स्लैब पर चढ़ गईं। एक साथ महिलाएं स्लैब पर चढ़ीं तो जर्जर स्लैब अचानक टूट गया। इससे उस पर खड़ी महिलाएं और बच्चियां कुएं में गिर गईं और डूबने लगीं।

कुएं में महज 10-12 फीट में पानी था। जब घटना हुई तब वहां ज्यादातर महिलाएं थीं। अंधेरा भी था। ऐसे में चीख-पुकार मच गई। गांव के पुरुष जब तक दौड़कर पहुंचे। तब तक काफी देर हो चुकी थी। कई महिलाएं डूब चुकी थीं। कुआं काफी गहरा था, और उसमें 10 फीट में पानी भरा था। यही कारण है कि मृतकों की संख्या 13 तक पहुंच गई।

सीएम पीएम ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा

कुशीनगर में हुए इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए मुआवजा देने का भी ऐलान किया है ।