इस साल 2022 का पहला चक्रवाती तूफान दस्तक देने वाला है। बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर पर चक्रवाती तूफान आसनी का खतरा लगतार बढ़ता जा रहा है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर कल निम्‍न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसका अगला 24 घंटों में और अधिक तीव्र होने की आशंका है। इसके चलते कुछ इलाकों में तेज हवाओं के भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) चक्रवात आसनी को लेकर हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। 


मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर बेहद ही भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। निकोबार द्वीप समूह में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर कम दबाव का क्षेत्र पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ गया है और 20 मार्च को एक दबाव और 21 मार्च के आसपास चक्रवाती तूफान आसनी में तेज होने की संभावना है। IMD ने कहा है कि सोमवार को ये दबाव क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व और अंडमान सागर से सटे दक्षिण में भारतीय तटरक्षक के जहाज और विमान समुद्र में मौजूद नाविकों और मछुआरों को मौसम को लेकर चेतावनी दे रहे हैं। बंगाल की खाड़ी के ऊपर साल के पहले चक्रवात आसनी को लेकर अंडमान और निकोबार द्वीप प्रशासन ने मछुआरों के लिए एडवाइजरी जारी कर 19 से 22 मार्च के मध्‍य समुद्र में न जाने की अपील की है।

चक्रवाती तूफान ‘आसनी’ के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तट तक पहुंचने के अनुमान के साथ, प्रशासन द्वीपसमूह में स्थिति से निपटने के लिए जरुरी व्यवस्था कर रहा है, जिसमें निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

अंडमान द्वीप की ज्‍यादातर जगहों पर 21 मार्च को तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है। वहीं द्वीप के कुछ हिस्‍सों में भारी से बहुत भारी और कुछ हिस्‍सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं निकोबार द्वीप के कुछ इलाकों में हल्‍की से मध्‍यम बारिश या गरज के साथ बारिश हो सकती है।