राजधानी दिल्ली पर आतंकी खतरे को देखते हुए यूपी से दिल्ली की लगने वाली सीमाओं पर भी सतर्कता बढ़ा दी है। मेरठ जोन के अंतगर्त आने वाले जिलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वहीं गाजियाबाद और नोएडा और बागपत की राजधानी दिल्ली से सटी सीमाओं पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा मेरठ जोन के जिलों से होकर दिल्ली जाने वाले दूसरे राज्यों के वाहनों की भी पूरी तरह से चेकिंग की जा रही है। जांच पड़ताल के बाद ही इन वाहनों को दिल्ली की ओर भेजा जा रहा है। बता दें कि आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शपथ ग्रहण समारोह राजधानी देहरादून में आयोजित हो रहा है। इस कारण से भी दिल्ली मेरठ देहरादून हाईवे पर वाहनों का दबाव कुछ अधिक ही है।

High Security Alert : राजधानी दिल्ली में आतंकी खतरे के बाद जोन में हाईअलर्ट, सीमाओं पर सघन चेकिंग

पुलिस सूत्रों के अनुसार संगठन तहरीक-ए-तालिबान के इंडिया सेल ने राजधानी दिल्ली में हमले की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद पूरी दिल्ली में हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस देर रात से दिल्ली की सीमाओं और अन्य जगहों पर तलाशी अभियान चला रही है। खुफिया विभाग के अधिकारियों की माने तो तहरीक-ए-तालिबान के नाम से धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इसमें राजधानी दिल्ली में बम ब्लास्ट की बात कही है। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस को इन ई-मेल्स के बारे में शिकायत की। इसके बाद से एडीजी ला एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने मेरठ एडीजी राजीव सबरवाल से बात कर इस बारे में सतर्कता के दिशा निर्देश दिए हैं।

बता दें कि इससे पूर्व भी दिल्ली दहलाने के ईमेल आते रहे हैं। उसके बाद भी पुलिस की सतर्कता काफी बढ़ गई थी। मेरठ में रेलवे स्टेशन,बस स्टैंड के अलावा होटलों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। लोगों को भी कहा गया है कि अगर वो किसी संदिग्ध व्यक्क्ति को देखते हैं या किसी की गतिविधियां संदिग्ध दिखती हैं तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या फिर कंट्रेाल रूम को दें।