अपनी गर्लफ्रेंड की सगाई से नाराज एक प्रेमी ने हैवानियत की इंतहा कर दी। पहले प्रेमिका का रेप किया, फिर उसका गला घोंटकर लटका दिया। मामला डूंगरपुर थाना क्षेत्र का है। प्रेमिका के मरने के बाद भी प्रेमी ने उसे तब तक पत्थरों से मारा, जब तक कि उसे यकीन नहीं हो गया कि वह मर गई है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।


डूंगरपुर एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि आरोपी मुकेश (23) पकड़े जाने पर पुलिस को गुमराह करता रहा, बाद में गुनाह कबूल कर लिया। उसकी गर्लफ्रेंड रेनकोट बनाने वाली एक कंपनी में काम करती थी। वह भी उसकी कंपनी के पास ही डिस्पोजल ग्लास बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों साथ आते-जाते भी थे। दो साल से दोनों का अफेयर चल रहा था।

जब दोनों का रिश्ता ठीक-ठाक चल रहा था, उसी वक्त प्रेमिका की सगाई कहीं ओर हो गई। लड़की ने भी रिश्ते को हामी भर दी। उसने बात करना तक बंद कर दिया। इससे खफा होकर उसने प्रेमिका के मर्डर का प्लान बनाया। 2 जनवरी को उसे अपने घर बुलाकर सुनसान जगह पर ले गया। खेतों में ले जाकर रेप किया और पत्थर से वार कर दिया। उसके बाद मफलर से गला घोंटकर पेड़ के फंदे से लटका दिया। जिंदा न बचे, इसलिए लटकाने के बाद भी 4 से 5 बार पत्थर से वार किया। जब विश्वास हो गया कि मर गई, तब भाग गया।

सागवाडा सीआई सुरेंद्र सोलंकी ने बताया कि मृतका का शव मफलर से लटका हुआ मिला था। मौके पर कोई सबूत नहीं थे। एफएसएल टीम को बुलाया गया। एफएसएल बांसवाडा के प्रभारी डॉ. बलवंत सिंह खज्जा, राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल हरि सिंह, कांतिलाल, भूपेंद्र सिंह, भानुप्रताप सिंह, अजयराज सिंह, बाबूलाल, हितेश और ने रविंद्र ने जांच की। आस-पास के लोगों से पूछताछ की। लोगों ने मफलर गांव के ही युवक मुकेश का होना बताया। गांव में दबिश देकर युवक को पकड़ा गया।

डीएसपी सागवाडा नरपत सिंह ने बताया कि पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए है। आरोपी मुकेश मीणा अपनी प्रेमिका को कुएं में धक्का देकर मारना चाहता था। उसने लड़की को कई बार कुएं के पास ले जाने के प्रयास भी किया, लेकिन वह कुएं के पास नहीं गई। इस कारण मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी।