फरीदाबाद के सेक्टर 31 इलाके में रहने वाले एक युवक को फेसबुक के माध्यम से किसी अंजान युवती से दोस्ती करना महंगा पड़ गया। कुछ दिनों की लिखित बातचीत (चैटिंग) के बाद दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए और एक दूसरे से बाते करने लगे। युवती खुद को ब्रिटेन की रहने वाली बता रही थी। पीड़ित के कहने पर युवती भारत घूमने आने को तैयार हो गई। कुछ दिनों बाद युवती ने बताया कि वह मुंबई पहुंच गई है और दिल्ली आने के लिए उसे येलो कार्ड बनवाना होगा। इस बहाने से युवती ने दो बार में युवक से अपने खाते में करीब दो लाख रुपए डलवा लिए। इसके बाद युवती ने अपना फोन बंद कर लिया। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दे दी। थाना सेक्टर 31 पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।


पुलिस के मुताबिक मूलरूप से भिवानी जिले के रहने वाले अशोक कुमार ने बताया कि सेक्टर 28 में रहता है। कुछ समय पहले उसकी फेसबुक पर रीता सिंह नाम की युवती से दोस्ती हो गई। दोनों एक दूसरे के परिवार के बारे में भी जानकारी लेते रहे। रीता सिंह ने बताया कि वह यूके में रहती है और उसके माता-पिता नहीं है। एक दिन उसने रीता को भारत आने के लिए कहा। रीता ने उसे जल्दी ही भारत आने की बात कहीं और उसने उसके लिए आइफोन लाने का वायदा भी किया। अगस्त के महीने में रीता ने उसे बताया कि वह भारत आ रही है और 16 अगस्त को लौट जाएगी। उसने वाहट्सऐप पर लंदन से मुंबई का ब्रिटिश एयरवेज का टिकट भी भेजा था। उसने सीधा दिल्ली आने के लिए कहा तो रीता ने बताया कि ये संभव नहीं हो सकता।

कुछ दिनों बाद रीता ने उसे बताया कि उसे दिल्ली आने के लिए यलो कार्ड बनवाना होगा। इसके लिए कुछ रुपयों की जरूरत है। उसने बताए गए खाते में 55 हजार पांच सौ रुपए डाल दिए। इसके बाद रीता ने एंटी टेरेरिस्ट सर्टीफिकेट बनवाने के नाम पर खाते में एक लाख 39 हजार 600 रुपए डलवा लिए। इसके बाद जब उसने रीता से बात करने की कोशिश की तो उसका फोन हमेशा बंद मिला। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी युवती की तलाश शुरू कर दी है।