दुष्कर्म, हत्या, पूजास्थलों पर हमला, आतंकवादियों से संबंध जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल 81 लोगों को एक ही दिन में फांसी की सजा दी गई है। एक साथ इतने लोगों को मौत की सजा सऊदी अरब ने दी है। यह सभी धार्मिक स्थलों और सरकारी संस्थानों को निशाना बनाने, सुरक्षा अधिकारियों की हत्या करने, माइंस बिछाने, अपहरण, टॉर्चर करने और रेप तथा हथियारों की डकैती जैसे अपराधों में संलिप्त थे। इसके अलावा इसमें देश में गड़बड़ी फैलने के उद्देश्य से हथियारों की तस्करी करने वाले भी शामिल थे।



मौत की यह सजा सऊदी के रहने वालों के अलावा कुछ विदेशियों को भी दी गई है। इनमें से ज्यादातर यमन के रहने वाले थे। स्थानीय एजेंसी सऊदी प्रेस एजेंसी ने बताया कि शनिवार को सऊदी अरब के आंतरिक मंत्रालय ने इन सभी लोगों को फांसी दी है। इनमें से कई खूंखार आतंकवादी संगठन आईएसआईएस और अल-कायदा के साथ काम करते थे तो कई अन्य हत्या तथा दुष्कर्म जैसी घटनाओं में शामिल थे।