देश के दक्षिण राज्य कर्नाटक से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के तुमकुर जिले के पावागड़ा के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां एक बस के पलटने से 8 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है। वहीं इस हादसे में अब तक 25 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर मिली है। मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में घायल को नजदीकी अस्पताल इलाज के लिए ले जा रहा है। घायल लोगों में स्टूडेंट्स भी शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

Road Accident In Tumkur Karnataka Eight Killed Many Injured After Bus Overturns

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है। रेस्क्यू ऑपरेशन भी शुरू कर दिया गया। सभी घायलों को बैंगलोर अस्पताल ले जाया जा रहा है। वहीं फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस और आपातकालीन टीमें पहुंचीं है। बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

एक हफ्ते में दूसरी घटना

कर्नाटक में सड़क दुर्घटना का एक सप्ताह के अंदर ये दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले पिछले सप्ताह ही राज्य के कलबुर्गी में भी भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी।


इस एक्सिडेंट में एक कार पेड़ से टकरा गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई थी। हादसे का शिकार हुए सभी मृतक महाराष्ट्र के अमहदनगर के रहने वाले थे।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यात्री गनगपुर के दत्तात्रेय मंदिर से लौट रहे थे। तभी ये भीषण हादसा हुआ।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने जताया दुख

बस हादसे को लेकर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी दुख प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- कर्नाटक के तुमकुर में एक बस दुर्घटना में लोगों की मौत के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।

हादसे का वीडियो आया सामने

तुमकुर में हुए बस एक्सीडेंट का वीडियो भी सामने आया है। एक वीडियो में बस को उसके अंदर फंसे कुछ यात्रियों के साथ पलटते हुए देखा जा सकता है।

वहीं पुलिस का कहना है कि, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि चालक की ओर से वाहन पर से नियंत्रण खो देने के बाद 60 यात्रियों को ले जा रही बस पलट गई।