घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में सोमवार को एक बार फिर 25 रुपये की वृद्धि हुई है। इसके पहले 25 फरवरी को भी 25 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई थी। ऐसे में चार दिनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि की गई है। रविवार तक घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 847 रुपये थी लेकिन सोमवार को 872 रुपये में उपभोक्ताओं को मिला। लगातार घरेलू गैस की कीमतों में इजाफा होने से निम्न और मध्यम वर्गीय परिवार के लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। बीते दो माह में अब तक चार बार एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इजाफा हुआ है। लगातार कीमत बढ़ने से रसोई का बजट भी बिगड़ने लगा है। सलोरी की पुष्पा शुक्ला, राजापुर के अर्चना तिवारी, तेलियरगंज की राधिका देवी ने बताया कि घरेलू गैस की कीमत में इजाफा होने से रसोई के साथ ही पूरे घर का बजट बिगड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि सरकार को लोगों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए एलपीजी सिलेंडर की  कीमत निर्धारित कर देनी चाहिए।


25 फरवरी को भी बढ़े थे गैस सिलेंडर पर दाम
लगातार बढ़ रहे रसेाई गैस के दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट डामाडोल कर दिया है। इससे पहले 25 फरवरी को भी रसोई गैस के सिलेंडर पर बढ़ोत्तरी की गई थी। नए रेट रिवीजन के बाद घरेलू रसोईं गैस सिलेंडर (14.2 किलो) के दामों में 25 रुपए का इजाफा हुआ था। इसके बाद लखनऊ में घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़कर 832 रुपए हो गए। पांच किलो वाले छोटू घरेलू सिलेंडर पर नौ रुपए की बढ़ोत्तरी के बाद 306.50 रुपए का मिलेगा। जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडर (19किलो) के दामों में 4.50 रुपए की मामूली कमी आई है। 

100 रुपए महंगा हुआ घरेलू सिलेंडर
फरवरी माह में घरेलू रसोईं गैस सिलेंडर 100 रुपए महंगा हुआ है। जनवरी में 732 रुपए वाला सिलेंडर 832 रुपए का हो गया। इस माह बीते 25 दिनों में घरेलू सिलेंडर के दामों ने तीन बढ़ोत्तरी देखने को मिली हैं। एक फरवरी को घरेलू सिलेंडर के दाम नहीं बदले। वहीं चार फरवरी को दोबारा रेट रिवीजन में 25 रुपए का इजाफा हुआ। फिर 15 फरवरी को 50 रुपए और अब 25 रुपए का  इजाफा हुआ। इस तरह अब तक 100 रुपए बढ़ चुके हैं।