व्यक्ति ने पत्नी की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को चादर से ढककर बच्चों समेत कमरे में बंद कर भाग गया।



व्यक्ति ने पत्नी की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को चादर से ढककर बच्चों समेत कमरे में बंद कर भाग गया। मामला पंजाब के मोहाली का है। यहां के जगतपुरा स्थित कॉलोनी में कल देर रात यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी की पहचान विजय कुमार (32) के रूप में हुई है। वह यूपी के उन्नाव जिला का रहने वाला है।
पुलिस को दी जानकारी में मृतका सीमा (26) के भाई राजू ने बताया कि उन्हें इस बारे में आज सुबह पता चला। जब मृतका की बेटी ने दरवाजा जोर-जोर से खटखटाया तो उन्होंने जाकर दरवाजा खोला। इस दौरान उनकी बहन बिस्तर पर पड़ी हुई थी। उसके मुंह से खून निकल रहा था, जबकि बहनोई फरार था।

उन्होंने तुरंत सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतका की बेटी सोनिया ने बताया कि सोमवार शाम पापा ने मम्मी से पांच सौ रुपये लिए थे। इसके बाद वह रात में शराब पीकर और बाहर से खाना खाकर पहुंचे थे।

पापा को मम्मी ने कहा कि सभी भूखे हैं तो इसी बात पर दोनों में बहस हो गई। पापा ने मम्मी से कहा था कि तुम्हें सुबह पैसे दे दूंगा। मृतका की बेटी सोनिया ने बताया कि जब वह उठी तो मम्मी चादर से मुंह ढक कर सो रही थी। परंतु कभी भी मम्मी मुंह ढककर नहीं सोती थी। उसने जब चादर हटाई तो मुंह से खून बह रहा था। जबकि गले में दुपट्टा था। उसने तुरंत इस बारे में मामा को बताया।

मृतका के परिजनों ने बताया कि आरोपी ढाई साल पहले घर से चला गया था। इस बार दिवाली पर ही घर आया था। परिवार ने पूरे उत्साह से दिवाली मनाई थी। सबकुछ ठीक चल रहा था कि अचानक यह वारदात हुई। मृतका के चार बच्चे हैं। इनमें बड़ी बेटी सोनिया पांचवीं में पढ़ती है। जबकि एक बेटा आकाश नौ साल का है। जो नाना के पास रहता है।

इसके अलावा एक पांच साल की बेटी और एक दो साल का बेटा है। परिजनों ने बताया कि सीमा अपने परिवार को पालने के लिए कोठियों और पार्लर में काम करती थी। शहर में एक हफ्ते अंदर यह दूसरी हत्या है। इससे पहले दिवाली वाले दिन टीडीआई सिटी में हत्या का मामला सामने आया था। इसके बाद यह दूसरी हत्या है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।