चीन में बड़ा विमान हादसा (China plane crash) हुआ है। दक्षिणी चीन में 132 लोगों को लेकर उड़ान भर रहा विमान पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया। बोइंग 737 विमान चीन के कुनमिंग से ग्वांगझू जा रहा था। हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है इस बारे में अभी सूचना नहीं मिली है। चीन की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस का विमान गुआंग्शी प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 


चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन (सीएए) ने कहा कि बोइंग 737-800 में 123 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य सवार थे। हताहतों की संख्या और दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है। बचाव दल को इलाके में तैनात कर दिया गया है। विमान दुर्घटना के कारण जंगल में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि विमान में सवार कोई यात्री नहीं बचा।

लैंडिंग से 43 मिनट पहले टूटा विमान का संपर्क

चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुतािबक, फ्लाइट MU 5735 ने दोपहर सवा एक बजे कुनमिंग चांगशुई एयरपोर्ट से उड़ा भरी थी। ये फ्लाइट 3 बजे गुआंगझोऊ तक पहुंचनी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेन दो मिनट से भी कम समय में 30,000 फीट नीचे गिर गया। उड़ान भरने के 71 मिनट बाद ये प्लेन हादसे का शिकार हो गया। लैंड करने से 43 मिनट पहले विमान का संपर्क ATC से टूट गया था। यात्रियों को ले जा रहा विमान बोइंग 737 है। बोइंग साढ़े छह साल से एयरलाइंस में ऑपरेट हो रहा था। हादसे के बारे में चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस का बयान नहीं आया है। इस मॉडल के विमान पहले भी कई बार हादसे का शिकार हो चुके हैं।

पिछले साल हुए दुनिया में 15 बड़े प्लेन हादसे

साल 2021 में दुनिया भर में 15 जानलेवा विमान हादसे हुए। जिसमें कुल 134 मौतें हुईं। सबसे बड़ी दुर्घटना थी श्रीविजय एयर बोइंग 737-500 की, जो इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 9 जनवरी 2021 को हुए हादसे में बोर्ड पर सवार सभी 61 लोगों की मौत हो गई। चीन में सबसे बड़ी विमान दुर्घटना 2010 में हुई थी, जिसमें हेनान एयरलाइंस का एम्ब्रेयर ई-190 क्रैश हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार 96 यात्रियों में से 44 लोग मारे गए थे।