दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में मौसम बदल गया है। शनिवार सुबह तेज हवाओं के कारण तापमान कम हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार शाम दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बादल गरजे और हल्की बारिश हुई। हालांकि, इससे ठंडक में कोई खास इजाफा नहीं हुआ। शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहा और धूप भी खिली। अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस (इस सीजन का सर्वाधिक), जबकि न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 44 से 95 फीसदी दर्ज हुआ। बारिश शाम साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में 1.6 मिमी और पालम में 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

देश के कई हिस्सों में बारिश के आसार

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बरवाला, हांसी, महम, जींद, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, फारुखनगर, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहाना, रेवाड़ी, बावल, नूंह (हरियाणा), भिवाड़ी (राजस्थान) में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही यह भी बताया गया है कि अगले कुछ घंटों में दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, मानेसर गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा में हल्की तीव्रता की बारिश होने की संभावना है।


ओलावृष्टि को लेकर जारी अलर्ट

आधिकारिक बयान के मुताबिक महेंद्रगढ़, कोसली (हरियाणा) के आसपास वाले इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। इससे पहले दिन में, मौसम विभाग ने बताया था कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत और अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ बारिश जारी रहेगी। वहीं, अगले दो दिनों के दौरान उत्तराखंड में और अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल- सिक्किम और मेघालय में भी ओलावृष्टि की आशंका है।

अंडमान सागर में चक्रवात की आशंका

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 27 फरवरी के आसपास दक्षिण अंडमान सागर और पड़ोस में एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 27 और 28 फरवरी को बिजली और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने बताया है कि 27 और 28 फरवरी को दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और 1 मार्च को दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।