यूपी में थर्ड फेज में 16 जिलों में मतदान चल रहा है। इन्हीं में से एक हाथरस जिला भी है। यहां की सादाबाद विधानसभा में एक पिंक बूथ पर सुबह-सुबह बंदरों ने जमकर तांडव मचाया। उन्होंने कुछ देर के लिए तो बूथ पर कब्जा ही कर लिया। लाइन में लगे लोग भाग खड़े हुए। बंदरों ने इस पिंक बूथ पर लगे पंडाल को फाड़ डाला। कई कुर्सियां भी तोड़ डालीं। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह उन्हें भगाया, तब जाकर दोबारा मतदान शुरू हो सका।

हाथरस की तीन विधानसभाओं में 5-5 पिंक बूथ
हाथरस की तीनों विधानसभा में 5-5 पिंक बूथ बनाए गए हैं। जिले में 15 पिंक बूथ बनाए गए हैं। जिस बूथ पर बंदरों ने उत्पात मचाया वो सादाबाद का जूनियर हाई स्कूल है। यहीं पर BRC का केंद्र भी है, लेकिन इस पिंक बूथ पर बंदरों ने कब्जा कर लिया।

बंदरों ने कई कुर्सियों को तोड़ डाला।
बंदरों ने कई कुर्सियों को तोड़ डाला।

सपा-भाजपा में है कांटे की टक्कर
हाथरस सदर सीट पर भाजपा, बसपा और सपा के बीच मुकाबला नजर आ रहा है। भाजपा ने आगरा की पूर्व मेयर को अपना प्रत्याशी बनाया है। बसपा ने नगर पंचायत विजयगढ़ के चेयरमैन संजीव काका को प्रत्याशी बनाया है। वहीं सपा ने पिछला चुनाव बसपा के टिकट पर लड़े ब्रजमोहन राही को मैदान में उतारा है। ये सीट हमेशा से बसपा का गढ़ रही है। 2017 के मोदी लहर में यह सीट भाजपा के खाते में आई थी। हाथरस सदर में 4.15 लाख मतदाता हैं।