Lata Mangeshkar Death: स्वर कोकिला और भारत रत्न लता मंगेशकर का आज निधन हो गया. वह काफी दिनों से मुंबई के अस्पताल में भर्ती थीं. दो दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि “स्वर कोकिला लता जी की मधुर आवाज़ आज मौन होने पर स्तब्ध हूँ. एक युग का अंत हो गया. उन्होंने आगे कहा कि दिल छू लेने वाली आवाज़, राष्ट्र प्रेम के गीत और लता दीदी का संघर्षमय जीवन सदा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा. उनकी अंतिम यात्रा में नमन व भावभीनी श्रद्धांजलि.”
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मार्गदर्शक लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि लता मंगेशकर के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख पहुंचा है. उन्होंने कहा कि दुनिया भर में प्रतिष्ठित, लता जी ने संगीत की दुनिया में उत्कृष्टता की एक अमिट छाप छोड़ी है. आडवाणी ने आगे कहा कि लता जी हमेशा फेवरेट सिंगर्स में पसंदीदा रहीं और मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मानता हूं कि लंबे समय तक उनसे जुड़ा रहा. मुझे याद है कि जब मैं सोमनाथ से अयोध्या के लिए राम रथ यात्रा निकालने जा रहा था, उस वक्त उन्होंने बहुत ही सुन्दर श्री राम भजन रिकॉर्ड कर मुझे भेजा था. ये यादगार गीत था- राम नाम में जादू ऐसा, राम नाम मन भाए, मन की अयोध्या तक तक सूनी, जब तक राम ना आए. यह अयोध्या यात्रा के दौरान मेरा सिग्नेचर ट्यून बन गया था.