बिहार में ठंड का कोप अब भी जारी है. दो दिन तक पूरे राज्य को भिगाने के बाद बारिश अभी तो थम गई है, लेकिन सर्दी से निजात अभी नहीं मिल रही है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार ठंड महीने के आखिरी तक अपना असर दिखाएगी. दरअसल पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता इसका कारण, जिसका असर लंबे समय तक रहेगा.
पूरे देश के मौसम पर पड़ा है असर
बिहार के मौसम को देखें तो फरवरी में अभी तक हवा की कनकनी और कोहरे का असर बरकरार है. सर्दी का असर सूबे में अब तक पूरी तरह बना हुआ है. राज्य के अधिकतर शहरों का न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे है. सुबह-शाम के अलावा दिन में भी कनकनी की स्थिति रह रही है. अब तक पश्चिमी विक्षोभों की अधिकता से बिहार में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है. चंपारण से लेकर मध्य बिहार तक हुई झमाझम बारिश के बाद मौसमविद बादलों की इस प्रवृत्ति के अध्ययन में जुटे हैं. मौसमविदों का कहना है कि ला नीना के प्रभावों की वजह से पूरे देश के मौसम पर इस बार असर पड़ा है.
ये है शहरों का तापमान
जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा ठंड (Bihar Mausam Update) सिवान में रही, यहां के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अब बिहार (Bihar News) में बारिश का दौर थम गया है, हालांकि इसके बाद चली पछुआ हवा ने ठंड बढ़ा दी है. एक ट्रफ रेखा बिहार के दक्षिण-पश्चिम भाग से सोनीपत हरियाणा तक गुजर रही है. इसकी वजह से तापमान में 2-3 डिग्री तक कमी होगी.
हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 से 48 घंटे के दौरान राज्य के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से घने कोहरे की संभावना है. साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी होने की भी संभावना है. इसके बाद आने वाले चार से पांच दिनों तक पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में राज्य के उत्तर मध्य बिहार के 7 जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर एवं उत्तर पूर्व के 7 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है.