झारखंड सरकार ने आज मंगलवार से सभी स्‍कूलों स्‍कूलों को खोलने का आदेश जारी कर द‍िया है। 17 ज‍िलों में कक्षा एक से ऊपर तक के सभी स्‍कूल, कालेज, कोच‍िंंग खोलने को कहा गया है। हां, सात ज‍िलों में अभी कक्षा एक से कक्षा नौ तक स्‍कूल नहीं खोलने की ह‍िदायत दी गई है। ऐसा इसल‍िए क‍ि यहां कोरोना संक्रमण की स्‍थ‍ित‍ि में अभी सुधार नहीं आया है। इनमें रांची, पूर्वी स‍िंहभूम, चतरा, देवघर, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा और बोकारो ज‍िले शाम‍िल हैं। बहरहाल, सरकारी स्‍कूलों के संबंध में तो स्‍कूली श‍िक्षा एवं साक्षरता व‍िभाग ने साफ कह द‍िया है क‍ि शुक्रवार से सरकारी स्‍कूल खुल जाएंगे। इस बीच सभी स्‍कूल अपनी तैयारी कर लें। सरकारी स्‍कूलों को आज शाम तक आदेश भेज भी द‍िया जाएगा। लेक‍िन प्राइवेट स्‍कूल कब से खुलेंगे, इसका न‍िर्णय उन्‍हें खुद करना है। आइए, देखें क‍िस ज‍िले में क्‍या तैयारी चल रही है-

रांची शहर में भी चंद रोज में खुल जाएंगे सभी स्‍कूल

उधर, रांची शहर के सभी निजी स्कूलों में सक्रियता बढ़ गई है। नौवीं से 12वीं तक स्कूल खोलने की सूचना के बाद स्कूल प्रबंधन सक्र‍िय हो गया है। सुरक्षा व्‍यवस्‍था और पढ़ाई ल‍िखाई को लेकर बैठक भी होने लगी है। ऑक्सफ़ोर्ड पब्लिक स्कूल, रांची के प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा क‍ि स्कूल खोले जाने को लेकर बैठक चल रही है। जल्द ही घोषणा की जाएगी कि कब से स्कूल नियमित खुलने लगेगा। संभवतः एक दो द‍िनों में सभी विद्यार्थी को सूचित कर स्कूल खोल दिया जाएगा। उधर, निर्मला कान्वेंट हाई स्कूल, रांची के प्राचार्य विजय कुमार शर्मा ने कहा क‍ि झारखंड सरकार के फैसले के बाद स्कूल प्रबंधन के साथ मीटिंग की गई है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल खोल दिया जाएगा। सरस्वती पूजा के बाद स्कूल खोला जाएगा। वहीं, डीएवी बरियातू, रांची के प्राचार्य व‍िनय कुमार पांडेय ने कहा क‍ि अगले सप्ताह से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। सभी विद्यार्थियों से ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने और अभिभावकों से उनकी राय लेने के बाद निर्णय लिया जाएगा। स्कूल प्रबंधन सुरक्षित माहौल में स्कूल खोलने को लेकर काफी उत्सुक है। 10 फरवरी तक हमलोग कक्षा नौवीं से 12 वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल खोल देंगे, ताकि उनकी पढ़ाई बेहतर तरीके से हो पाए।

कोडरमा ज‍िले में डीसी के आदेश की प्रतीक्षा कर रहे स्‍कूल संचालक

कोडरमा ज‍िले में स्कूल खोलने के फैसले से छात्रों के अभिभावकों में खुशी है। स्कूल प्रबंधन भी जिला उपायुक्त के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। संभव है कि आदेश आज शाम तक जारी हो जाएगा। इधर प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन झारखंड ने राज्य में स्कूलों को खोलने को लेकर लिए गए फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है। एसोसिएशन के जिला सचिव तौफीक हसन ने कहा कि एसोसिएशन ने समय-समय पर सरकार के समक्ष स्कूल, शिक्षण संस्थानों, बच्चों से जुड़ी प्रत्येक समस्याओं को ज्ञापन, ई-मेल, टि्वटर, समाचार पत्र एवं इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हर समय अवगत कराता रहा, जिसका परिणाम देखने को मिला है। उन्होंने अन्य सात जिलों के स्कूलों को भी शीघ्र खोलने की मांग की है।

पलामू ज‍िले में भी व‍िभागीय न‍िर्देश पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहे स्‍कूल

पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित एकके डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डा जीएन खां ने बताया कि स्कूल खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विभागीय निर्देश मिलते ही स्कूल खाेल दिया जाएगा। स्कूल खोलने में 3-4 दिन लगेंगे। स्कूल में सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की जा रही है। पूर्व से ही सफाई की व्यवस्था है। इस बार प्राथमिक सेक्टर के बच्चे दो साल बाद स्कूल का मुंह देखेंगे। इससे शिक्षा के क्षेत्र में कमजाेर हाेती नई पीढ़ी बच जाएगी। बैरिया स्थित वीपीएम ज्ञान निकेतन स्कूल की प्राचार्या सुनिता शर्मा ने बताया कि स्कूल खोलने की मंगलवार से तैयारी शुरू कर दी गई है। सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन के आदेश की प्रतीक्षा की जा रही है। विद्यालय की सफाई शुरू करा दी गई है। सैनिटाइजशन की व्यवस्था की जा रही है। अभिभावकों से घोषणा पत्र लिया जाएगा।