दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। देर रात तक बादल गरजने के साथ हल्की बारिश होती रही। इस कारण दिल्ली-एनसीआर में दिन की शुरुआत सर्द सुबह के साथ हुई है। 


मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। रविवार से मौसम साफ होने की संभावना है। रात साढ़े 11 बजे तक कुल 1एमएम बारिश दर्ज की गई। दक्षिणी दिल्ली में सबसे ज्यादा ओलावृष्टि हुई है। बीती रात 12 बजे के आसपास एनसीआर में भी ओले गिरे।


मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश की संभावना जताई थी। दोपहर में तेज धूप खिली रही और अधिकतम तापमान सामान्य से दो अधिक 27.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम सामान्य के बराबर 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम को 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली और बादल गरजने के साथ बारिश हुई। मौसम के बदले मिजाज के कारण शाम को हल्की सर्दी का अहसास हुआ। रात में ओलावृष्टि भी हुई। हवा में नमी का स्तर 44 से 95 फीसदी तक दर्ज किया गया। 

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों तक बारिश के आसार हैं। शनिवार को भी बादल छाए रहने के साथ बारिश होगी। रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ सुबह हल्का कोहरा रह सकता है। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने की संभावना है। सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान में कमी होगी व हल्की सर्दी का अहसास होगा। उधर, शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर की हवा खराब से लेकर बहुत खराब श्रेणी में रही। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 286, फरीदाबाद का 294, गाजियाबाद का 329, ग्रेटर नोएडा का 308, गुरुग्राम का 272 व नोएडा का 268 रहा।

अधिकतम तापमान- 25 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 14 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 6:19 बजे
सूर्योदय का समय: 6:49 बजे
- दिनभर बादल छाए रहेंगे। तेज रफ्तार से हवा चलेगी और हल्की बारिश हो सकती है।